Home Loans EMI: होम लोन हुआ सस्ता, अब कम हो जाएगी आपकी EMI; जानिए किन बैंकों ने घटाई ब्याज दर

Home Loans EMI: देश के कई बड़े बैंकों से होम लोन लेना अब सस्ता हो जाएगा। क्योंकि उन्होंने ब्याज दरों में कटौती की है। इसमें केनरा बैंक (Canara Bank), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (Union Bank of India), बैंक ऑफ बड़ौदा (Bank of Baroda), बैंक ऑफ इंडिया (Bank of India) और इंडियन ओवरसीज बैंक (Indian Overseas Bank) समेत कई दिग्गज बैंक शामिल हैं। इस कटौती से आपके होम लोन की EMI कम हो सकती है या लोन का टेन्योर घटाया जा सकता है।

बैंक क्यों घटा रहे हैं ब्याज दर?

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने अपनी फरवरी की मॉनेटरी पॉलिसी मीटिंग (MPC) में रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट की कटौती की थी। यह 6.5 फीसदी से घटकर 6.25 फीसदी कर दिया। रेपो रेट वह दर होती है, जिस पर बैंक आरबीआई से उधार लेते हैं। रेपो रेट घटने से बैंकों के लिए उधार लेना सस्ता हो गया है। बैंक ब्याज दर घटाकर इसका फायदा ग्राहकों को ट्रांसफर कर रहे हैं।

बैंक पुरानी RLLR नई RLLR कब से लागू
केनरा बैंक 9.25% 9.00% 12 फरवरी 2025
बैंक ऑफ बड़ौदा 9.15% 8.90% 10 फरवरी 2025
बैंक ऑफ इंडिया 9.35% 9.10% 7 फरवरी 2025
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया 9.25% 9.00% 11 फरवरी 2025
पंजाब नेशनल बैंक 9.25% 9.00% 10 फरवरी 2025
इंडियन ओवरसीज बैंक 9.35% 9.10% 11 फरवरी 2025

किन बैंकों ने घटाई ब्याज दर?

RBI के रेपो रेट घटाने के बाद कई प्रमुख बैंकों ने अपनी Repo Linked Loan Rate (RLLR) में कमी की है। इनमें ज्यादातर सरकारी बैंक शामिल हैं। आइए जानते हैं कि किन बैंकों ने ब्याज दर घटाई और उसका लाभ कबसे मिलेगा?

  • केनरा बैंक (Canara Bank) ने अपने RLLR को 9.25 फीसदी से घटाकर 9.00 फीसदी कर दिया है। इसका फायदा 12 फरवरी 2025 से मिलने लगा है।
  • बैंक ऑफ बड़ौदा (Bank of Baroda) की नई RLLR दर 8.90 हो गई है। बैंक इसका लाभ 10 फरवरी 2025 से दे रहा है।
  • बैंक ऑफ इंडिया (Bank of India) ने अपनी ब्याज दर को 9.35 फीसदी से घटाकर 9.10 फीसदी कर दिया है। नई दर 7 फरवरी 2025 से लागू है।
  • यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (Union Bank of India) ने RLLR को 9.25 फीसदी से घटाकर 9.00 फीसदी कर दिया है। इसका लाभ 11 फरवरी 2025 से मिलने लगा है।
  • पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने भी अपने RLLR को 9.25 फीसदी से घटाकर 9.00 फीसदी कर दिया है। यह दर 10 फरवरी 2025 से लागू हो गई है।
  • इंडियन ओवरसीज बैंक (Indian Overseas Bank) का RLLR 9.35 फीसदी से घटकर 9.10 फीसदी पर आ गया है। इसका लाभ ग्राहकों को 11 फरवरी 2025 से लागू है।

RLLR का मतलब क्या होता है?

बैंक अपने ग्राहकों को जिस ब्याज दर पर कर्ज देते हैं, वो रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट (RLLR) होती है। यह सीधे तौर पर आरबीआई के तय रेपो रेट से जुड़ी होती है। आरबीआई ने अक्टूबर 2019 में सभी बैंकों को अपने रिटेल लोन को किसी बाहरी बेंचमार्क दर से लिंक्ड करने को कहा था। इसके बाद ज्यादातर बैंकों के लिए रेपो रेट ही बेंचमार्क बन गया है। जो भी ग्राहक RLLR आधारित होम लोन लेते हैं, तो उनकी ब्याज दर रेपो रेट के बदलाव के साथ घटती या बढ़ती रहती है। ज्यादातर होम लोन फ्लोटिंग रेट पर होते हैं, इसलिए उनकी ब्याज दर RLLR से लिंक्ड होती हैं।

पुराने और नए ग्राहकों को मिलेगा लाभ?

बैंकों ने RLLR में जो कटौती की है, उसका असर पुराने और नए ग्राहकों पर अलग-अलग होगा। अब मान लीजिए कि कोई नया ग्राहक होम लोन लेने जाता है, तो उसे ब्याज दरों में कटौती का लाभ फौरन मिल जाएगा। पुराने ग्राहकों को घटी ब्याज दर का लाभ तभी मिलेगा, जब उनकी ब्याज दर रिवाइज करने का समय आएगा। ब्याज दर रिवाइज होने का समय हर बैंक में अलग-अलग होता है। अमूमन बैंक 3 या फिर 6 महीने में मौजूदा ग्राहकों की ब्याज दर को रिवाइज करते हैं।

आपके बैंक ने ब्याज दर नहीं घटाई तो क्या करें?

अगर आपके बैंक ने आरबीआई के रेपो रेट कट के हिसाब से ब्याज दर नहीं घटाई है, तो आप होम लोन ट्रांसफर का विकल्प चुन सकते हैं। इसमें आप अपना होम लोन किसी ऐसे बैंक में ट्रांसफर कर सकते हैं, जो अपनी ब्याज दरों को कम कर चुका है। हालांकि, ऐसा करने से पहले आपको थोड़ा इंतजार कर लेना चाहिए या अपने बैंक से बात कर लेनी चाहिए। क्योंकि अमूमन ज्यादातर देर-सबेर अपनी ब्याज दरों को रेपो रेट के मुताबिक एडस्ट कर लेते हैं।

क्या अब होम लोन लेने का सही वक्त है?

अगर आप होम लोन लेकर अपने सपनों का घर खरीदना चाहते हैं, तो यह आपके लिए सबसे शानदार मौका हो सकता है। क्योंकि ब्याज दरों में कटौती के बाद आपकी EMI कम बनेगी। साथ ही, बैंक नए ग्राहकों को लुभाने के लिए और भी बेहतर शर्तों के साथ लोन ऑफर देते हैं। महंगाई के आंकड़े भी आरबीआई की उम्मीद के मुताबिक ही रहे हैं, ऐसे में आगे भी ब्याज दरों में कटौती की संभावना है। एक्सपर्ट का मानना है कि इस साल ब्याज में कुल 0.75 फीसदी (25 बेसिस प्वाइंट) की कटौती हो सकती है।

यह भी पढ़ें : RBI Rate Cut का फायदा आपको मिलेगा या नहीं, खुश होने से पहले समझ लीजिए ये बात

यह भी पढ़ें : Freebies Explainer: फ्रीबीज क्या है, कब और कैसे हुई इसकी शुरुआत; क्या हैं इसके फायदे और नुकसान?

Shikha Singh
Shikha Singh
Articles: 71