
IPL vs WPL: पंत को ₹27 करोड़, स्मृति मंधाना को ₹4 करोड़ से भी कम; महिला-पुरुष क्रिकेटर की सैलरी में इतना अंतर क्यों?
मनीसनी डेस्क, नई दिल्ली। IPL vs WPL: भारतीय क्रिकेट में पिछले दो दशकों में जबरदस्त बदलाव आया है। इसकी शुरुआत 2008 में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के साथ हुई। इसने पुरुष क्रिकेट को एक नए मुकाम पर पहुंचाया। अब विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) महिला क्रिकेट के विकास की दिशा में बड़ा कदम है। इसका पहला संस्करण साल 2023 में खेला गया। दोनों ही टूर्नामेंट क्रिकेट फैंस के बीच काफी लोकप्रिय हैं। लेकिन जब सैलरी की बात आती है, तो दोनों लीगों के खिलाड़ियों के वेतन में भारी अंतर दिखाई देता है। आखिर ऐसा क्यों है? आइए इसे जानने और समझने की कोशिश करते हैं।
IPL और WPL: सैलरी में कितना अंतर?
आइए पहले समझ लेते हैं कि IPL और WPL में खिलाड़ियों की सैलरी में कितना अंतर है।
IPL में पुरुष खिलाड़ियों की सैलरी
अगर आईपीएल की बात करें, तो इसमें कोई दो राय नहीं कि यह दुनिया की सबसे महंगी और लोकप्रिय क्रिकेट लीग है। अगर आईपीएल सीजन 2025 की बात करें, तो सबसे महंगे खिलाड़ी ऋषभ पंत हैं। उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा, जिसका मालिकाना हक संजीव गोयनका के RPSG Group के पास हैं। वहीं, श्रेयस अय्यर को पंजाब किंग्स ने 26.75 करोड़ रुपये और वेंकटेश अय्यर को कोलकाता नाइटराइडर्स ने 23.75 करोड़ रुपये में खरीदा।
न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, स्टार क्रिकेटर विराट कोहली नीलामी (IPL Auction 2025) का हिस्सा नहीं थे, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने 21 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। एक IPL खिलाड़ी को औसतन 4 से 5 करोड़ रुपये प्रति सीजन मिलते हैं। कुल मिलाकर, IPL फ्रेंचाइजी को खिलाड़ियों पर खर्च करने के लिए 100 करोड़ रुपये का पर्स मिलता है। अगर विराट कोहली, रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार यादव जैसे टॉप खिलाड़ियों को 15 से 25 करोड़ रुपये तक की सैलरी मिलती है। कई खिलाड़ी विज्ञापन और ब्रांड एंडोर्समेंट से भी 10-15 करोड़ रुपये कमा लेते हैं।
IPL 2025 के टॉप-10 महंगे खिलाड़ी
खिलाड़ी | टीम | सैलरी (रुपये में) |
ऋषभ पंत | लखनऊ सुपरजायंट्स | 27 करोड़ |
श्रेयस अय्यर | पंजाब किंग्स | 26.75 करोड़ |
वेंकटेश अय्यर | कोलकाता नाइटराइडर्स | 23.75 करोड़ |
हेनरिक क्लासेन | सनराइजर्स हैदराबाद | 23 करोड़ |
विराट कोहली | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू | 21 करोड़ |
निकलस पूरन | लखनऊ सुपरजायंट्स | 21 करोड़ |
युजवेंद्र चहल | पंजाब किंग्स | 18 करोड़ |
ऋतुराज गायकवाड़ | चेन्नई सुपरकिंग्स | 18 करोड़ |
रवींद्र जडेजा | चेन्नई सुपरकिंग्स | 18 करोड़ |
पैट कमिंस | सनराइजर्स हैदराबाद | 18 करोड़ |
सोर्स: IPL Auction
WPL में महिला खिलाड़ियों की सैलरी
महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) शानदार पहल है। हालांकि, पुरुष खिलाड़ियों के मुकाबले महिलाओं को काफी कम पैसे मिलते हैं। WPL में सबसे महंगी खिलाड़ी स्मृति मंधाना थीं, जिन्हें RCB ने 3.4 करोड़ रुपये में खरीदा था। WPL में खिलाड़ियों के लिए पर्स सिर्फ 13.5 करोड़ रुपये था, जो IPL के सबसे महंगे खिलाड़ी यानी ऋषभ पंत की सैलरी के सिर्फ आधे के बराबर है।
WPLमें औसतन एक खिलाड़ी को 30 से 50 लाख रुपये प्रति सीजन मिलते हैं। स्मृति मंधाना महिला क्रिकेट का सबसे चर्चित नाम हैं। वह आरसीबी की कप्तान हैं। लेकिन, प्रतिष्ठित मैगजीन फोर्ब्स के मुताबिक, उनकी विज्ञापन से कमाई 1 से 1.2 करोड़ प्रति ब्रांड है। वहीं, आरसीबी के स्टार मेल क्रिकेटर विराट कोहली एक विज्ञापन के लिए 7.50 करोड़ से 10 करोड़ रूपये तक चार्ज करते हैं। यह साफ दिखाता है कि पुरुष और महिला क्रिकेटरों की सैलरी और एंडोर्समेंट से कमाई में बड़ा अंतर है। अब सवाल यह है कि ऐसा क्यों है?
WPL 2025 की टॉप-10 महंगी खिलाड़ी
खिलाड़ी | टीम | सैलरी (रुपये में) |
स्मृति मंधाना | रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर | 3.40 करोड़ |
एशले गार्डनर | गुजरात जायंट्स | 3.20 करोड़ |
नैट सिवर-ब्रंट | मुंबई इंडियंस | 3.20 करोड़ |
दीप्ति शर्मा | यूपी वॉरियर्स | 2.60 करोड़ |
जेमिमा रोड्रिग्स | दिल्ली कैपिटल्स | 2.20 करोड़ |
शेफाली वर्मा | दिल्ली कैपिटल्स | 2.00 करोड़ |
एनाबेल सदरलैंड | दिल्ली कैपिटल्स | 2.00 करोड़ |
बेथ मूनी | गुजरात जायंट्स | 2.00 करोड़ |
रिचा घोष | रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर | 1.90 करोड़ |
सिमरन शेख | गुजरात जायंट्स | 1.90 करोड़ |
सोर्स: WPL Auction
IPL vs WPL: सैलरी में बड़े अंतर की वजह
दोनों टूर्नामेंट में खिलाड़ियों को मिलने वाली सैलरी में बड़ा अंतर है। इसकी कुछ खास वजहें हैं। आइए इसे समझते हैं:
ब्रॉडकास्टिंग और मीडिया राइट्स से कमाई
IPL दुनिया में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली क्रिकेट लीग है। इसे भारत के अलावा दुनिया के उन तमाम देशों में भी देखा जाता है, जहां क्रिकेट लोकप्रिय है। इसकी सबसे बड़ी वजह है कि इसमें ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड जैसे देशों के दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं। इससे आईपीएल की ब्रांड वैल्यू बढ़ जाती है। इसका असर आईपीएल ब्रॉडकास्टिंग और मीडिया राइट्स से कमाई में भी दिखता है।
2023-27 के लिए IPL के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स की कीमत 48,390 करोड़ रुपये है। हीं, WPL के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स केवल 951 करोड़ रुपये में बिके, जो IPL की तुलना में बहुत कम है। इसका सीधा मतलब है कि ब्रॉडकास्टिंग रेवेन्यू जितना ज्यादा होगा, लीग के खिलाड़ी उतना ज्यादा पैसा कमाएंगे।
विज्ञापन और स्पॉन्सरशिप में भारी अंतर
IPL में बड़े ब्रांड्स और कंपनियां करोड़ों रुपये खर्च करती हैं। IPL के टाइटल स्पॉन्सरशिप डील्स 500 से 600 करोड़ रुपये तक होती हैं। वहीं, WPL के स्पॉन्सरशिप डील्स केवल 50 से 80 करोड़ रुपये तक होते हैं। विज्ञापन देने वाली कंपनियां वहां पैसा लगाती हैं, जहां उन्हें ज्यादा दर्शक मिलते हैं। यही कारण है कि IPL में सैलरी ज्यादा है।
स्टेडियम में दर्शकों की संख्या वाला फैक्टर
IPL के मैचों में स्टेडियम फुल होते हैं, जिससे टिकट बिक्री से भारी कमाई होती है। आरसीबी, चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस जैसी आईपीएल टीमों की कल्ट फैन फॉलोइंग है, जो अपनी टीम का हर एक मैच स्टेडियम में देखने जाते हैं। वहीं, WPL की टीमों के लिए अभी ऐसी दीवानगी नहीं देखने को मिलती है। यही वजह है कि WPL के मैचों में दर्शकों की संख्या अभी कम रहती है। यह बेशक धीरे-धीरे बढ़ रही है, लेकिन अभी IPL के मुकाबले न के बराबर है। जब दर्शकों की संख्या बढ़ेगी, तो महिला क्रिकेट को भी ज्यादा स्पॉन्सरशिप और विज्ञापन मिलेंगे।
दोनों लीग की लोकप्रियता और लीगेसी
बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की पूर्व महिला कप्तान मिताली राज का कहना है कि IPL और WPL के बीच सैलरी और कमाई वाली तुलना नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा, “WPL की बात करें, तो करते हैं, तो यह सिर्फ दो सीजन पुराना है। वहीं, आईपीएल 18 साल पुराना है। इसलिए सही मायने में दोनों की तुलना नहीं की जा सकती है। आपको IPL और WPL की तुलना करने के लिए अभी कुछ इंतजार करना चाहिए।
कई अन्य क्रिकेट एक्सपर्ट का भी यही मानना है। उनका कहना है कि IPL 2008 में शुरू हुआ था और अब यह 16 साल पुरानी लीग है। WPL सिर्फ 2023 में शुरू हुआ है और इसे पॉपुलर होने में समय लगेगा। पुरानी और स्थापित लीग में निवेश ज्यादा होता है, जिससे खिलाड़ियों की सैलरी बढ़ती है। नई लीग को अपनी जगह बनाने में समय लगेगा।
कुल दर्शकों की संख्या का असर
आईपीएल की शुरुआत 2008 में हुई थी। उस वक्त इस टूर्नामेंट को देखने वाले दर्शकों की तादाद 10.2 करोड़ थी। यह 2024 में बढ़कर 62 करोड़ हो गई। इसके मुकाबले WPL देखने वाले दर्शकों की संख्या काफी कम है। इसका पहला सीजन 2023 में हुई। इसे 5 करोड़ लोगों ने देखा। वहीं, 2024 में दर्शकों की कुल तादाद 10.3 करोड़ थी।
BCCI महिला और पुरुष क्रिकेटर को कितनी सैलरी देता है?
ग्रेड | पुरुष क्रिकेटर | महिला क्रिकेटर |
A+ | ₹7 करोड़ | – |
A | ₹5 करोड़ | ₹50 लाख |
B | ₹3 करोड़ | ₹30 लाख |
C | ₹1 करोड़ | ₹10 लाख |
नोट: यह सिर्फ सालाना वेतन है। इसमें मैच फीस शामिल नहीं है।
सोर्स: बीसीसीआई प्लेयर कॉन्ट्रैक्ट्स (2023-24)
क्या भविष्य में सैलरी का अंतर कम होगा?
क्रिकेट एक्सपर्ट का मानना है कि IPL और WPL खिलाड़ियों की सैलरी का अंतर हमेशा बना रहेगा। लेकिन, इसे धीरे-धीरे कम किया जा सकता है। इसके संकेत भी मिल रहे हैं।
- महिला क्रिकेट को अब ज्यादा टीवी कवरेज और सोशल मीडिया सपोर्ट मिल रहा है।
- 2023 में WPL की ओपनिंग सेरेमनी को 5 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा, जो अच्छा संकेत है।
- अब कई बड़े ब्रांड्स WPL में भी निवेश करने लगे हैं।
- जैसे-जैसे ब्रांड्स ज्यादा पैसा लगाएंगे, खिलाड़ियों की सैलरी भी बढ़ेगी।
- BCCI महिला क्रिकेट को मजबूत करने के लिए कई कदम उठा रहा है।
- 2022 में, BCCI ने महिला क्रिकेटर्स के लिए समान मैच फीस की घोषणा की।
- अगर ज्यादा लोग WPL को सपोर्ट करेंगे, तो इसकी कमाई बढ़ेगी और खिलाड़ियों को ज्यादा पैसा मिलेगा।
- हालंकि, सैलरी का यह अंतर पूरी तरह खत्म होना फिलहाल मुश्किल है, लेकिन इसे कम किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें : Cancer Cure: कैंसर लाइलाज क्यों है, क्या दवा कंपनियां जानबूझकर नहीं खोज रहीं इलाज?