दुनिया का सबसे अमीर राजा, इसके आगे मुगल भी लगते गरीब; सोना दान करके ला दी थी मंदी

मनीसनी डेस्क, नई दिल्ली। ‘तुम हकीकत नहीं हो हसरत हो, जो मिले ख्वाब में वो दौलत हो।’ ये शेर है मशहूर शायर जौन एलिया का। इस शेर में जौन साब फरमा रहे हैं कि मनचाही दौलत ख्वाब में ही मिलती है। लेकिन, हर किसी के साथ ऐसा नहीं होता। कुछ लोगों के पास तो हकीकत में इतनी दौलत होती है कि वे शायद ख्वाब में भी उतनी दौलत के बारे में न सोच पाएं। कम से कम मनसा मूसा (Mansa Musa) के पास तो इतनी ही दौलत थी।

कौन था मनसा मूसा (Mansa Musa)?

मनसा मूसा पश्चिमी अफ्रीका के माली साम्राज्य के राजा (Ancient African rulers) थे। उनकी हुकूमत 14वीं शताब्दी में चलती थी। मनसा का माली की भाषा में मतलब है राजा। मूसा दुनियाभर में अपार धन-संपदा का दूसरा नाम बन गया। आज जब दुनिया के टॉप अमीरों की संपत्ति का पता चलता है, तो लोगों की आंखें चौंधिया जाती हैं। इतना पैसा! इतनी शोहरत! लेकिन, उस दौर में मनसा मूसा के आगे ये अमीर भी पानी भरते। धरती का कुबेर समझ लीजिए बस उसे।

साल 1324 में मनसा हज के लिए मक्का जाने को निकला। अकेले नहीं, पूरा का पूरा कारवां लेकर। उसके कारवां में रेशमी कपड़े पहने 60 हजार आम और खास लोग थे। गुलाम थे 12 हजार के करीब। सोने से लदे 500 घोड़े मनसा मूसा के आगे-आगे चलते। 80 ऊंटों का एक जत्था भी था और सबके ऊपर 136 किलो सोने का ढेर रखा हुआ था। खाने-पीने के लिए भेड़-बकरियां भी साथ थीं। अपने साम्राज्य से निकलकर मक्का तक पहुंचने की उसकी यात्रा यही कोई 4 हजार मील तक फैली थी।

उसका साम्राज्य इतना अमीर था कि मक्का जाने से पहले गुलामों की तलाश में उसने कई राज्यों पर आक्रमण किया। अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए उसने पहला पड़ाव डाला मिस्र की राजधानी काइरो में (Cairo), गीजा के पिरामिड के पास। 13 जुलाई का दिन था वह। काइरो के नागरिक अगले कुछ दिनों में इतना वैभव देखने वाले थे, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की होगी। कारवां के पहुंचते ही उन्हें मनसा मूसा की शोहरत का अंदाजा हो गया।

सोना बांटकर सबको बना दिया अमीर

लोगों ने तुरंत अपने सुल्तान अल-मलिक अल-नसीर को सूचना दी। अल-नसीर ने भी मिलने की इच्छा जताई तो मूसा ने मना कर दिया। बोला, ‘मक्का जाने के लिए निकला हूं। मुलाकातें करने के लिए नहीं।’ लेकिन, सुल्तान के बार-बार जोर देने पर आखिर में मूसा तैयार हो गया। दोनों में मुलाकात हुई और लंबी बातचीत भी। इसके बाद मूसा ने काइरो में खूब सोना बांटा। इतना बांटा कि पूरा का पूरा काइरो सोना-सोना हो गया। अमीर क्या, गरीब क्या, सबके पास सोना था।

पैसा अधिक, लेकिन संसाधन कम, काइरो में महंगाई आ गई। अर्थव्यवस्था बिगड़ने लगी, इतनी बिगड़ी कि उसे ठीक होने में फिर 12 साल लग गए। उधर, मनसा मूसा काइरो से होता हुआ मक्का पहुंचा, हज किया और वापस अपने साम्राज्य लौट आया। इस यात्रा से पहले माली और मूसा के बारे में बाहरी दुनिया को बहुत जानकारी नहीं थी। यात्रा के बाद दोनों पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गए, खासकर यूरोप और मध्य पूर्व में।

कितना बड़ा था माली साम्राज्य?

आज भले ही माली छोटा हो, लेकिन 15वीं सदी तक यह बहुत बड़ा साम्राज्य था। यह आधुनिक माली, मॉरिटानिया, सेनेगल, गाम्बिया, गिनिया, बुर्किना फासो, नाइजर, चाड और नाइजीरिया तक फैला हुआ था। कहते हैं, मनसा मूसा का साम्राज्य इतना विशाल था कि इसके एक छोर से दूसरे छोर तक यात्रा करने में एक साल का समय लगता। हालांकि यह अतिश्योक्ति ज्यादा लगती है।

जिन इलाकों में माली फैला था, वहां सोने और नमक की खूब खदानें थीं। साथ ही, हाथी दांत भी धन का प्रमुख स्रोत था। ब्रिटिश संग्रहालय के अनुसार, मनसा मूसा के शासनकाल के दौरान माली में पुरानी दुनिया का लगभग आधा सोना था। एक फैक्टर यह भी है कि मनसा मूसा को ऐसा राज्य विरासत में मिला, जो पहले से ही समृद्ध था। फिर व्यापार के विस्तार में उसके काम ने माली को अफ्रीका का सबसे धनी राज्य बना दिया। उसने कई इमारतें भी बनवाईं, जिसमें कुछ मस्जिदें भी शामिल हैं। टिम्बकटू (Timbuktu) की जिंगारेबेर मस्जिद (Djinguereber Mosque) मूसा की ही बनाई हुई है।

उस दौर में विभिन्न साम्राज्यों को बताने के लिए कैटलन एटलस (Catalan Atlas) का इस्तेमाल किया जाता था। इसे स्पेनिश मानचित्रकारों ने बनाया था। साल 1375 में इस एटलस में पश्चिमी अफ्रीका का प्रभुत्व साफ झलकता है। इसमें ना सिर्फ माली को शामिल किया गया बल्कि मूसा को भी एक सिंहासन पर बैठे दिखाया गया। उसके एक हाथ में सोने की गेंद और दूसरे हाथ में सोने की छड़ी थी।

मनसा मूसा के पास कितनी दौलत थी?

हज की यात्रा पर मनसा मूसा अपने साथ कुल 18 टन सोना लेकर गया था। 21वीं सदी में इसकी कीमत करीब 8 हजार करोड़ रुपये बैठती है। सेलेब्रिटी नेटवर्थ (Celebrity NetWorth) वेबसाइट के मुताबिक, मूसा की संपत्ति (Mansa Musa net worth) 400 बिलियन डॉलर के बराबर थी यानी लगभग 33 लाख करोड़ रुपये।

यहां तक कि भारत का कोई समृद्ध राजवंश भी अमीरी के मामले में मनसा मूसा का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाया। इतिहासकार मुगल शासक अकबर को दुनिया के सबसे अमीर शासकों की लिस्ट में शामिल करते हैं। लेकिन, अकबर का नंबर मनसा मूसा (Richest man in history), रोम के पहले सम्राट Augustus Caesar और चीन के सम्राट Shenzong के बाद आता है। इतिहासकार अकबर की सटीक दौलत का अंदाजा भी नहीं लगा पाए हैं। उनका बस अनुमान है कि अकबर के साम्राज्य की दुनिया की कुल जीडीपी में हिस्सेदारी करीब 25 फीसदी थी।

मनसा मूसा ने 25 साल तक माली पर शासन किया। इस दौरान उसके पास कितनी संपत्ति थी, इस बारे में सटीक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है, बस अनुमान हैं। दरअसल इतिहासकार मानते हैं कि उसकी अकूत दौलत को किसी आंकड़े में ढाल पाना संभव नहीं। यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन में इतिहास के असोसिएट प्रफेसर रुडोल्फ वेयर टाइम मैगजीन से बातचीत में कहते हैं, ‘कल्पना कीजिए कि किसी आदमी के पास कितना सोना हो सकता है और फिर उसे दो से गुणा कर दीजिए।’ शायद इससे अधिक ही सोना और संपत्ति मनसा मूसा के पास थी।

Elon Musk vs Mansa Musa: मूसा से रईस हैं मस्क?

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार मेकर टेस्ला के शेयरों में जोरदार तेजी आई थी। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, मस्क की नेटवर्थ दिसंबर 2024 में 486.4 बिलियन डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थी। इसका मतलब है कि उस समय मस्क मानव जाति के इतिहास के सबसे अमीर थे। हालांकि, उसके बाद टेस्ला के शेयरों में गिरावट आई है। Bloomberg Billionaires Index के मुताबिक, एलन मस्क की नेटवर्थ फिलहाल 398 बिलियन डॉलर (लगभग 34.60 लाख करोड़ रुपये) के बराबर है।

हालांकि, कई एक्सपर्ट का कहना है कि मस्क को मूसा से अधिक अमीर मानना गलत होगा। मस्क की संपत्ति काफी हद तक शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव पर निर्भर है। वहीं, मूसा की दौलत का राज सोना (Gold) था, जिसे हमेशा से दुनिया की सबसे ठोस संपत्ति माना गया है। यहां तक कि आज भी आम लोगों से लेकर केंद्रीय बैंक तक सोने को सबसे अधिक अहमियत देते हैं।

सोर्स:

  • BBC News – Mansa Musa: The richest man in history
  • National Geographic – The story of Mansa Musa
  • History.com – Mansa Musa and his wealth

यह भी पढ़ें : Warren Buffett vs Ronald Read: कौन होना चाहिए आपका रोल मॉडल, किसकी इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटजी आपको बनाएगी धनकुबेर?

Shubham Singh
Shubham Singh
Articles: 135